वाराणसी। भारत की गौरवशाली इतिहास और शौर्य पर आधारित शौर्य कथा का आयोजन 11 और 12 जनवरी को मिनी स्टेडियम शिवपुर, काशी में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूज्य कथावाचक आचार्य शांतनु जी महाराज का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
क्षत्रिय धर्म संसद काशी के अध्यक्ष रणविजय सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भारत की वैदिक परंपरा, विज्ञान और समाज विज्ञान की विशेषता के कारण दुनिया भर से लोग शिक्षा प्राप्त करने भारत आते थे, जैसे तक्षशिला और नालन्दा विश्वविद्यालय इसके उदाहरण हैं। हालांकि, विदेशी आक्रांताओं ने बार-बार इस महान भूमि पर हमले किए, लेकिन हमारे वीर संतानों ने उन्हें पराजित कर हमेशा भारत की रक्षा की।
राहुल सिंह ने शौर्य कथा की आवश्यकता को बताते हुए कहा कि वामपंथी इतिहासकारों ने इस देश की महान परंपरा और शौर्य को दबाने का प्रयास किया है। इस कथा के माध्यम से हम अपनी आने वाली पीढ़ी को शौर्य, सत्य और भारत माता के अमर पुत्रों, बलिदानियों से परिचित कराना चाहते हैं।