नई दिल्ली। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब श्रीनगर के लिए रवाना हुई एक मिनी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत की आशंका है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानिए कैसे हुआ हादसा :-
दोपहर करीब 3 बजे, मिनी बस (UK12PB0177) पौड़ी बस अड्डे से केंद्रीय विद्यालय के रास्ते श्रीनगर के लिए निकली थी। बस जैसे ही कोठार बैंड के पास पहुंची, वह नियंत्रण खो बैठी और खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में 18 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी ले जाया गया है।
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता दी जा रही है। परिवहन विभाग को बस की फिटनेस और चालक की जांच के आदेश दिए गए हैं। यह घटना राज्य में सड़क सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन ने इस मामले में विस्तृत जांच और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
