रूस-यूक्रेन जंग: रूसी सेना में लड़ रहे भारतीय नागरिक की मौत, विदेश मंत्रालय ने उठाया मामला

नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन जंग में रूसी सेना की ओर से लड़ रहे एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय बिनिल टी बी के रूप में हुई है, जो केरल के त्रिशूर जिले के वडक्कंचेरी के निवासी थे। इस घटना में एक अन्य भारतीय नागरिक, 27 वर्षीय जैन टी के घायल हुए हैं, जिनका इलाज मास्को के एक अस्पताल में चल रहा है।

विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हमें केरल के एक भारतीय नागरिक की दुर्भाग्यपूर्ण मौत की जानकारी मिली है, जो रूसी सेना में सेवा दे रहे थे। मास्को स्थित हमारा दूतावास उनके परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने इस घटना के बाद रूसी अधिकारियों से भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द कार्यमुक्त करने की मांग की है। मंत्रालय ने कहा कि हमने मास्को में रूसी अधिकारियों और नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के साथ इस मुद्दे को मजबूती से उठाया है। हमने रूस से अनुरोध किया है कि रूसी सेना में काम कर रहे भारतीय नागरिकों को तुरंत कार्यमुक्त किया जाए और उन्हें सुरक्षित भारत लौटने दिया जाए।

मंत्रालय ने बताया कि मृतक बिनिल टी बी का शव भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए रूसी अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। घायल जैन टी के को भी छुट्टी देकर जल्द भारत भेजने की मांग की गई है।

बिनिल और जैन पर कुछ दिन पहले एक ड्रोन हमले के दौरान चोटें आई थीं। इस हमले की जानकारी बिनिल के परिवार को एक संदेश के जरिए मिली, लेकिन इसके बाद वे उनसे संपर्क नहीं कर पाए।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *