नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध में केरल के त्रिशूर के नागरिक बिनिल बाबू की मौत बेहद दुखद है, इस पर भारत सरकार ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय दूतावास रूसी अधिकारियों से संपर्क में है, ताकि बिनिल बाबू का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाया जा सके। मंत्रालय ने यह भी बताया कि अब तक रूस-यूक्रेन युद्ध में 12 भारतीय नागरिक मारे जा चुके हैं, जबकि 16 भारतीय नागरिक लापता हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बिनिल बाबू की मौत बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। हमने उनके परिवार को अपनी संवेदनाएं दी हैं। हमारा दूतावास रूसी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि उनके पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत भेजा जा सके। एक अन्य घायल व्यक्ति का इलाज मॉस्को में चल रहा है, और उम्मीद है कि वह जल्द ही भारत लौटेगा।
रणधीर जायसवाल ने बताया कि 126 भारतीय नागरिक रूसी सेना में सेवा दे रहे थे, जिनमें से 96 अब तक भारत लौट चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रूसी सेना में 18 भारतीय नागरिक अभी भी युद्ध में हैं, जिनमें से 16 का अब तक पता नहीं चल पाया है और उन्हें लापता माना गया है।
विदेश मंत्रालय ने इस मामले को रूस सरकार के समक्ष उठाया है और लापता भारतीय नागरिकों की जल्द रिहाई और स्वदेश वापसी की अपील की है।
