मुंबई I महाराष्ट्र के भंडारा जिले में स्थित एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें 5 कर्मचारियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह धमाका फैक्ट्री के आरके ब्रांच सेक्शन में सुबह 10:30 से 10:45 बजे के बीच हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग
धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिसकी चपेट में कई कर्मचारी आ गए। घटनास्थल से आई तस्वीरों में भारी सामान के टुकड़े बिखरे हुए और काला धुआं आसमान में उठता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों में डर का माहौल बन गया।
राहत और बचाव कार्य जारी
धमाके के वक्त फैक्ट्री में 14 कर्मचारी मौजूद थे। इनमें से 5 की मौत हो गई, जबकि 4-5 गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के अधिकारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
क्या है ऑर्डिनेंस फैक्ट्री?
ऑर्डिनेंस फैक्ट्री रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली एक प्रमुख इंडस्ट्री है, जो भारत के लिए हथियार और गोला-बारूद बनाती है। इसका मुख्यालय कोलकाता में स्थित है।
धमाके से इलाके में हड़कंप
विस्फोट के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। लोग राहत कार्य में मदद कर रहे हैं। धमाके की जांच के लिए उच्च स्तरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। घटना की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।