उत्तर प्रदेश में फरवरी से मौसम लेगा करवट, पश्चिमी हिस्से में बारिश के आसार, बढ़ेगी ठंड!

जनवरी का महीना समाप्त होने वाला है, और फरवरी की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ बने रहने के आसार हैं। फिलहाल, प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ है, हालांकि गुरुवार सुबह कई स्थानों पर घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के समय हल्का कोहरा बना रहेगा, लेकिन दिन में धूप निकलने से ठंडक में कमी आएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में कोहरा बेहद घना हो सकता है, जिससे रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक पांच दिनों तक बारिश होने की संभावना है।

WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कैसा रहेगा आज का मौसम?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार, 30 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। 31 जनवरी तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद परिवर्तन देखने को मिल सकता है। 1 फरवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू होने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा।

अयोध्या सबसे ठंडा रहा

बुधवार को लखनऊ में न्यूनतम तापमान 9℃ और अधिकतम तापमान 25.8℃ दर्ज किया गया, जबकि अयोध्या में सबसे कम तापमान 6.5℃ रिकॉर्ड किया गया। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 18.2℃ दर्ज किया गया। इसके अलावा, पश्चिमी और पूर्वी यूपी के तराई इलाकों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में छाया रहेगा कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, सीतापुर, बाराबंकी, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में भी घना कोहरा रहने की संभावना है।

1 फरवरी से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग की बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 31 जनवरी को बारिश की कोई संभावना नहीं है और प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, 1 फरवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 2, 3 और 4 फरवरी को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *