वॉशिंगटन I अमेरिका ने अब भारतीय अवैध अप्रवासियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सेना का एक सी-17 विमान अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर भारत के लिए रवाना हो चुका है। अब तक अमेरिका दक्षिण अमेरिकी देशों के अवैध अप्रवासियों को निर्वासित कर रहा था, लेकिन अब भारतीयों पर भी कार्रवाई तेज हो गई है।
अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन के मुताबिक, एल पासो (टेक्सास) और सैन डिएगो (कैलिफोर्निया) से पांच हजार से ज्यादा अवैध अप्रवासियों को जल्द ही सेना के विमानों से उनके देशों में भेजा जाएगा। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे करीब 18,000 भारतीयों की पहचान की गई है, जिनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी हो रही है।
सेना के विमानों का हो रहा इस्तेमाल
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त निर्देशों के बाद अमेरिका में अवैध अप्रवासियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। अवैध अप्रवासियों को निर्वासित करने के लिए सेना के विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, मेक्सिको सीमा पर अमेरिकी सैनिकों की तैनाती भी बढ़ाई गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने अमेरिका में रह रहे करीब 1.1 करोड़ अवैध अप्रवासियों को देश से बाहर निकालने की घोषणा की थी। पिछले सप्ताह ही अमेरिकी सेना ने लैटिन अमेरिकी देशों में अवैध अप्रवासियों को लेकर छह उड़ानें संचालित की थीं। हालांकि, कोलंबिया ने शुरू में अमेरिकी विमानों को अपने देश में उतरने की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन ट्रंप के दबाव के बाद उसने अपने ही विमानों से नागरिकों को वापस बुलाया था।
अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि सेना के विमानों से अवैध अप्रवासियों को भेजने की लागत नागरिक विमानों की तुलना में अधिक है, लेकिन ट्रंप प्रशासन किसी भी कीमत पर अवैध अप्रवासियों को अमेरिका से निकालने के लिए दृढ़ है। इसके साथ ही ट्रंप ने कनाडा, मेक्सिको और चीन पर टैरिफ लगा दिया है और यूरोप पर भी टैरिफ लगाने की धमकी दी है।