लखनऊ I बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ है। बसपा प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाल दिया है। उनके साथ-साथ मेरठ के नेता नितिन सिंह को भी निष्कासित कर दिया गया है। इस बात की जानकारी मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।
गुटबाजी के आरोप में हुई कार्रवाई
मायावती ने अपने पोस्ट में लिखा कि बसपा के वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक सिद्धार्थ, जो दक्षिणी राज्यों के प्रभारी थे और नितिन सिंह, जो मेरठ से जुड़े हुए हैं, उनको गुटबाजी और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण निष्कासित किया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन सुधार न होने पर यह सख्त फैसला लिया गया।
कौन हैं अशोक सिद्धार्थ?
डॉ. अशोक सिद्धार्थ पेशे से डॉक्टर हैं और सरकारी नौकरी छोड़कर बसपा में शामिल हुए थे। मायावती ने 2016 में उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया था, जहां वह 2022 तक रहे। इसके अलावा, उन्हें तीन राज्यों का प्रभारी भी नियुक्त किया गया था। उनकी पत्नी भी बसपा सरकार के दौरान यूपी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं।