नई दिल्ली I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 119वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट की बजाय भारत की स्पेस में सेंचुरी की चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में इसरो ने अपना 100वां रॉकेट लॉन्च किया, जो भारत के अंतरिक्ष विज्ञान में निरंतर हो रही प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि नए आयाम छूने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की उपलब्धियां
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की अंतरिक्ष यात्रा बेहद साधारण शुरुआत से आगे बढ़ी, लेकिन हमारे वैज्ञानिकों ने चुनौतियों के बावजूद सफलताओं की नई ऊंचाइयां छुईं। उन्होंने लॉन्च व्हीकल, चंद्रयान, मंगलयान, आदित्य एल-1 और एक ही रॉकेट से 104 सैटेलाइट्स लॉन्च करने जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में भारत ने 460 सैटेलाइट लॉन्च किए, जिनमें कई विदेशी उपग्रह भी शामिल हैं।
नारी शक्ति को समर्पित विशेष पहल
पीएम मोदी ने घोषणा की कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) पर वे अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल देश की कुछ प्रेरणादायक महिलाओं को सौंपेंगे। इस दिन वे महिलाएं अपने कार्य और अनुभवों को देशवासियों के साथ साझा करेंगी। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में बेटियों का सम्मान सर्वोपरि है और यह पहल नारी शक्ति को समर्पित होगी।
विज्ञान में रुचि बढ़ाने की अपील
पीएम मोदी ने बताया कि 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे ‘एक दिन वैज्ञानिक के रूप में’ बिताने का प्रयास करें, जिससे उनकी विज्ञान में रुचि और जुनून बढ़े।
2014 में हुई थी ‘मन की बात’ की शुरुआत
पीएम मोदी ने बताया कि 3 अक्तूबर 2014 को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। यह जनता से संवाद का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है, जिसमें सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, स्वच्छता, विज्ञान, खेल और विकास योजनाओं पर चर्चा होती है।