मेरठ I उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) ने बुधवार तड़के मेरठ के मुंडाली इलाके में एक लाख के इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ जीतू को एनकाउंटर में मार गिराया। STF और मेरठ पुलिस की टीम ने घेरकर उसे सरेंडर करने को कहा, लेकिन जितेंद्र ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई।
इस मुठभेड़ में STF की एक गोली जितेंद्र को लग गई, जिसके बाद वह गिर पड़ा। जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। STF ने घायल जितेंद्र को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जितेंद्र उर्फ जीतू हरियाणा के झज्जर जिले का रहने वाला था और वह 2016 में गांव के प्रधान रामबीर और उसके पिता की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका था। वह 2023 में पैरोल पर बाहर आया था और तभी से फरार चल रहा था। गाजियाबाद में 2023 में उसने लालू नाम के एक व्यक्ति की हत्या भी की थी। गाजियाबाद पुलिस ने उस पर एक लाख का इनाम घोषित किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जितेंद्र ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम किया और पश्चिम यूपी, हरियाणा, पंजाब में रंगदारी वसूलने का कार्य करता था। STF ने बताया कि जितेंद्र ने गाजियाबाद और नोएडा के बिल्डर्स से धमकी देकर फिरौती की मांग की थी।
एसटीएफ के सूत्रों का कहना है कि जितेंद्र मेरठ में एक वारदात को अंजाम देने के लिए आया था, लेकिन STF को इसका सुराग मिल गया। मंगलवार रात को STF और मेरठ पुलिस ने उसे घेर लिया। जब STF ने उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने कार्बाइन से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में STF ने भी फायर किया, जिसमें जितेंद्र मारा गया। STF ने जितेंद्र के परिवार को उसकी मौत की सूचना दे दी है।