भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2025 की उत्तर कुंजी आधिकारिक रूप से जारी कर दी है। परीक्षा प्राधिकरण ने आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिसमें अभ्यर्थी 1 मार्च तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। जो परीक्षार्थी किसी उत्तर से असंतुष्ट हैं, वे समय रहते आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर निर्धारित शुल्क के साथ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
GATE 2025 परीक्षा तिथियां
GATE 2025 परीक्षा 1, 2, 15 और 16 फरवरी को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी अब कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE), मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ME), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (EE), डेटा एनालिटिक्स (DA) और सिविल इंजीनियरिंग (CE) सहित प्रमुख विषयों की उत्तर कुंजी देख सकते हैं।
कैसा था परीक्षा पैटर्न?
GATE 2025 परीक्षा के प्रश्न पत्र में तीन प्रकार के प्रश्न शामिल थे:
- बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs)
- बहुचयनित प्रश्न (MSQs)
- संख्यात्मक उत्तर प्रकार (NAT)
GATE परीक्षा इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, विज्ञान, वाणिज्य और कला/मानविकी के स्नातक स्तर के विषयों की व्यापक समझ का परीक्षण करती है।
उत्तर कुंजी कैसे करें डाउनलोड?
- उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट gate2025.iitr.ac.in पर जाएं।
- होम पेज पर GATE 2025 उत्तर कुंजी डाउनलोड लिंक पर क्लिक करें।
- लॉगिन विवरण दर्ज करें और सबमिट करें।
- उत्तर कुंजी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी, जिसे डाउनलोड कर सकते हैं।