International Women’s Day: पीएम मोदी का सोशल मीडिया अकाउंट संभालेंगी एलीना मिश्रा और शिल्पी सोनी

नई दिल्ली I International Women’s Day 2025 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट का संचालन महिला अचीवर्स को सौंपा। इस बार यह जिम्मेदारी न्यूक्लियर साइंटिस्ट एलीना मिश्रा और स्पेस साइंटिस्ट शिल्पी सोनी को दी गई। दोनों वैज्ञानिकों ने पीएम मोदी (Narendra Modi) के X अकाउंट से महिला सशक्तिकरण, विज्ञान और टेक्नोलॉजी पर एक प्रेरणादायक संदेश साझा किया।

एलीना मिश्रा और शिल्पी सोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट से लिखा, “स्पेस टेक्नोलॉजी, न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी और महिला सशक्तिकरण… हम एलीना मिश्रा और शिल्पी सोनी हैं और हमें महिला दिवस पर प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट्स को संभालने का अवसर मिला है। हमारा संदेश है- भारत विज्ञान के लिए सबसे जीवंत स्थान है और हम अधिक महिलाओं से इसे अपनाने का आह्वान करते हैं।”

दोनों वैज्ञानिकों ने भारत में न्यूक्लियर और स्पेस टेक्नोलॉजी में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पहले यह कल्पना भी नहीं की जा सकती थी कि न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारत में इतनी महिलाओं के लिए अवसर होंगे। उनका मानना है कि स्पेस सेक्टर में Women’s और निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी भारत को नवाचार और प्रगति का सबसे शानदार स्थान बना रही है।

कौन हैं एलीना मिश्रा और शिल्पी सोनी?

WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

एलीना मिश्रा ओडिशा के भुवनेश्वर की रहने वाली हैं। उनके पिता ने उन्हें विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC), मुंबई में काम करने के लिए चयनित होने के बाद इलेक्ट्रोमैग्नेटिज्म, एक्सीलेरेटर फिजिक्स और न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने प्रोटॉन एक्सीलेरेटर तकनीक और रिमोट हेल्थकेयर के लिए मेडिकल एप्लिकेशन विकसित करने में सहयोग दिया।

शिल्पी सोनी मध्य प्रदेश के सागर की हैं। वह पिछले 24 वर्षों से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) से जुड़ी हुई हैं और 35 से अधिक कम्युनिकेशन और नेविगेशन मिशनों में योगदान दिया है। उन्होंने स्पेस टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भरता और नवाचार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इसरो ने स्पेस ट्रैवलिंग वेव ट्यूब तकनीक को सफलतापूर्वक स्वदेशी रूप दिया है, जो केवल कुछ ही देशों के पास थी। यह भारत को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

STEM क्षेत्र में करियर बनाने के लिए युवाओं को किया प्रेरित

दोनों वैज्ञानिकों ने युवा महिलाओं से विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में करियर बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और टेक्नोलॉजी में महिलाओं की भागीदारी भारत को एक वैश्विक नवाचार केंद्र बना सकती है। उन्होंने सरकार की ओर से विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की और कहा कि आने वाले समय में स्पेस और न्यूक्लियर साइंस में महिलाओं की भागीदारी और अधिक बढ़ेगी।

पीएम मोदी का ‘नारी शक्ति’ को नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने International Women’s Day 2025 पर महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने X (ट्विटर) पर पोस्ट किया, “हम महिला दिवस पर अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं! हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया है, जो हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है। आज, वादे के अनुसार, मेरा सोशल मीडिया अकाउंट्स महिलाएं संभालेंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ रही हैं!”

पहले भी पीएम मोदी कर चुके हैं ऐसी पहल

यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह अनोखी पहल की है। 2020 में महिला दिवस पर भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स सात महिला अचीवर्स को सौंपे थे। यह पहल महिला सशक्तिकरण और विज्ञान में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *