Pakistan Train Hijack: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में मंगलवार को एक बड़ी घटना घटित हुई, जब हथियारबंद लोगों ने जाफर एक्सप्रेस Train को हाईजैक कर लिया। ट्रेन क्वेटा से पेशावर जा रही थी और इसमें करीब 500 यात्री सवार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) द्वारा किया गया था। हमलावरों ने ट्रेन में सवार 120 यात्रियों को बंधक बना लिया है और घटना के बाद बलूचिस्तान सरकार ने आपातकाल लागू कर दिया है।
रेलवे के नियंत्रक मुहम्मद काशिफ ने बताया कि ट्रेन को पेहरो कुनरी और गदलार के बीच सुरंग नंबर आठ के पास रोका गया था। हमले के बाद सुरक्षा बल और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि सिबी अस्पताल में भी आपातकाल लागू कर दिया गया है। घटना के बाद एंबुलेंस और सुरक्षा बलों की टीमें वहां पहुंच चुकी हैं।
इस हमले के दौरान छह हथियारबंद लोगों ने ट्रेन पर गोलीबारी की, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई और कई यात्री घायल हो गए। बचाव दल और सुरक्षा बलों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। Train के चालक को गंभीर चोटें आई हैं। बलूचिस्तान में इस घटना के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई है और सुरक्षा एजेंसियां जल्द से जल्द इस मामले को सुलझाने के लिए प्रयासरत हैं।