PM Modi को मॉरीशस का सर्वोच्च सम्मान, भारत-मॉरीशस साझेदारी हुई मजबूत

पोर्ट लुइस I मॉरीशस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के दौरे का आज दूसरा दिन है। वे मॉरीशस के 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर उन्हें मॉरीशस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ से नवाजा गया। मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय नेता बन गए हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी को किसी देश द्वारा दिया गया 21वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक रिश्ते
मॉरीशस को 12 मार्च 1968 को ब्रिटेन से स्वतंत्रता मिली थी। भारतीय मूल के सर शिवसागर रामगुलाम के नेतृत्व में इस द्वीप राष्ट्र को आजादी मिली। इस ऐतिहासिक अवसर को मॉरीशस हर साल राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाता है। इस साल के आयोजन में भारतीय सेना की टुकड़ी, नौसेना का युद्धपोत और एयरफोर्स की आकाश गंगा स्काई डाइविंग टीम ने भी हिस्सा लिया।

भारत-मॉरीशस साझेदारी को मिला नया दर्जा
इस अवसर पर PM Modi और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों देशों ने 8 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-मॉरीशस साझेदारी को ‘एनहैन्स्ड स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा देने की घोषणा की। भारत मॉरीशस में नए संसद भवन के निर्माण में सहयोग करेगा, जिसे मोदी ने “लोकतंत्र की जननी” भारत की ओर से एक उपहार बताया।

मॉरीशस में भारतीय संस्कृति की झलक
PM Modi ने मॉरीशस में बसे भारतीय समुदाय को संबोधित किया और अपनी भोजपुरी में शुरुआत कर कहा—
“राम के हाथे-ढोलक होसे, लक्ष्मण हाथ मंजीरा, भरत के हाथ कनक पिचकारी, शत्रुघन हाथ अबीरा… जोगी रा सा रा रा रा रा….”
उन्होंने मॉरीशस में भारतीय संस्कृति की महक की तारीफ करते हुए कहा कि यहां की मिट्टी में भारतीय पूर्वजों का खून-पसीना बसा हुआ है।

भारत की हिंद महासागर रणनीति और मॉरीशस की अहम भूमिका
मॉरीशस हिंद महासागर में भारत की सुरक्षा रणनीति का अहम हिस्सा है। चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों को देखते हुए भारत ने 2015 में ‘सागर प्रोजेक्ट’ शुरू किया था, जिसके तहत मॉरीशस के उत्तरी अगालेगा द्वीप पर सैन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है। यह भारत को पश्चिमी हिंद महासागर में चीन की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद करेगा।

भारत-मॉरीशस रिश्तों को और मजबूती
PM Modi ने इस दौरे में मॉरीशस के राष्ट्रपति धरम गोखूल को महाकुंभ का गंगाजल और उनकी पत्नी को बनारसी साड़ी भेंट की। वहीं, प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम को बिहार के प्रसिद्ध मखाने गिफ्ट किए। मोदी ने कहा कि वह मॉरीशस से होली के रंग भारत लेकर जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *