New Delhi : भारत की प्रगति और संभावनाओं से प्रभावित होकर रेडिसॉन होटल(Radisson) समूह ने बड़ा ऐलान किया है। समूह के ग्लोबल चीफ डेवलपमेंट ऑफिसर, एली यौनेस(Global Chief Development Officer) ने कहा है कि कंपनी वर्ष 2030 तक भारत में अपने होटलों की संख्या 500 के पार ले जाएगी। अभी भारत में रेडिसन के 205 होटल हैं, जिनमें से 128 होटल (14,209 कमरे) कार्यशील हैं और 27 होटल (8,619 कमरे) निर्माणाधीन हैं।

विश्व स्तर पर रेडिसन के 916 होटल (1,63,260 कमरे) कार्यशील हैं। 600 से अधिक होटल (83,200 कमरे) पुनर्निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। भारत इस वैश्विक विस्तार रणनीति में एक प्रमुख बाजार के रूप में उभरा है।
एली यौनेस ने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था बेहद गतिशील है। एक स्थिर और विकासशील सरकार, मजबूत ढांचागत निवेश और पर्यटन की बढ़ती संभावनाएं इस उद्योग के लिए अनुकूल माहौल बना रही हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत अब धार्मिक और स्वास्थ्य पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिससे होटल इंडस्ट्री को स्थायी बढ़त मिलेगी।

रेडिसॉन की रणनीति है कि न केवल महानगरों, बल्किछोटे और उभरते शहरों में भी प्रीमियम और बजट फ्रेंडली होटल्स खोले जाएं। यौनेस ने कहा कि भारत की आर्थिक विविधता को ध्यान में रखते हुए, हम ऐसा पोर्टफोलियो विकसित कर रहे हैं जो हर बजट के यात्री के लिए सुलभ हो।
रेडिसॉन समूह के अनुसार भारत में होटल व्यवसाय का 60% से अधिक ग्राहक आधार घरेलू है। इसलिए कंपनी ‘भारत में भारतीय बनकर’ काम कर रही है। वर्तमान में कंपनी में 18,000 कर्मचारी कार्यरत हैं और 2030 तक यह संख्या 40,000 करने का लक्ष्य है।

रेडिसन की यह घोषणा न सिर्फ एक व्यापारिक विस्तार है, बल्कि यह भारत की तेज़ी से बढ़ती पर्यटन शक्ति और वैश्विक निवेशकों के विश्वास का भी प्रमाण है।
