Varanasi: वाराणसी में तेंदुए का हमला, फूल तोड़ने गए युवक गंभीर रूप से घायल, इलाके में दहशत

Varanasi: चौबेपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा बस्ती में शुक्रवार सुबह एक तेंदुए ने बगीचे में फूल तोड़ने गए युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक अमित मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर मचाने पर तेंदुआ पास के खेतों की ओर भाग गया। स्थानीय लोगों ने घायल अमित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे अमित मौर्य अपने बगीचे में फूल तोड़ने गया था। वहां उसने झाड़ियों में छिपे तेंदुए को देखा और ग्रामीणों को बुला लिया। मौके पर करीब 25 लोग जमा हो गए। तेंदुए को देखने के दौरान अमित ने डंडे से तेंदुए पर प्रहार किया, जिसके बाद तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। हमले में अमित के हाथ में तेंदुए के दांत घुस गए, जिससे गहरी चोट आई। इसके अलावा उसके सिर, पेट और पीठ पर तेंदुए के पंजों के निशान हैं।

शोर सुनकर तेंदुआ पास के करौंधा गांव के बगीचे में छिप गया। तेंदुए के हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग डर के कारण घरों में कैद हो गए हैं। ग्राम पंचायत गौरा कला के कामाख्या नजर कॉलोनी में भी तेंदुए को भागते देखा गया, जिससे ग्रामीणों में और भय फैल गया।

तेंदुए को पकड़ने के लिए वाराणसी और गाजीपुर की वन विभाग की टीमें सर्च अभियान चला रही हैं। पुलिस की दो टीमें भी मौके पर तैनात हैं। ड्रोन की मदद से तेंदुए की तलाश की जा रही है। सुरक्षा के लिए जुटे ग्रामीणों को मौके से हटाया गया है। Varanasi वन विभाग और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *