मदुरै से Amit Shah का बड़ा दावा, कहा- 2026 में तमिलनाडु में NDA की सरकार बनेगी, बदलाव की…

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने रविवार को तमिलनाडु के मदुरै में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य की सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि वर्ष 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल दोनों राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सत्ता में लौटेगा।

तमिलनाडु में बदलाव की लहर चल पड़ी-Amit Shah

अमित शाह (Amit Shah) ने मदुरै को “परिवर्तन की धरती” बताते हुए कहा कि यह कार्यकर्ता सम्मेलन राज्य में राजनीतिक बदलाव की शुरुआत करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं का संकल्प DMK सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए है।

“जनता DMK को सत्ता से हटाएगी”

मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन पर निशाना साधते हुए शाह (Amit Shah) ने कहा, “CM कहते हैं कि अमित शाह DMK को हरा नहीं सकते, लेकिन मैं कहता हूं कि तमिलनाडु की जनता ही इस बार DMK को हरा देगी। मैं जनता की भावना को भलीभांति समझता हूं। लोगों का विश्वास अब बदल रहा है।”

उन्होंने भरोसे के साथ कहा कि भाजपा और AIADMK मिलकर 2026 में राज्य में NDA की सरकार बनाएंगे, क्योंकि मौजूदा DMK सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

मीनाक्षी मंदिर में पूजा के बाद पदाधिकारियों से चर्चा

अपने भाषण से पहले अमित शाह ने मदुरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर भाजपा की तमिलनाडु कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। इसके बाद उन्होंने राज्य, जिला और मंडल स्तर के भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित किया।

Ad 1

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शाह की तुलना ‘सरदार पटेल’ से की

सम्मेलन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने DMK सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों, विशेषकर पश्चिमी कोंगू क्षेत्र में बुजुर्गों की हत्याएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने शाह को “भारत का दूसरा लौह पुरुष, सरदार वल्लभभाई पटेल” कहकर संबोधित किया और NDA के तहत AIADMK के साथ गठबंधन को ‘सटीक साझेदारी’ बताया।

अन्नामलाई ने दिया कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र

भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर DMK को सत्ता से हटाने के मिशन में जुट जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री स्टालिन को चुनौती दी कि वह जनता को बताएं कि 2021 में किए गए वादों में से कितने पूरे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *