UP Weather Update : उत्तर प्रदेश (UP Weather Update) इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। बीते कुछ दिनों में तापमान में जबरदस्त उछाल देखा गया है। सूरज मानो आग बरसा रहा हो और गर्म हवाएं लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर रही हैं। दोपहर के वक्त बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।
UP Weather Update : तपते शहर, परेशान जनता
आगरा, झांसी, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। सोमवार को इन इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। मंगलवार के लिए भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है – गर्मी और लू दोनों से सावधान रहना जरूरी है।
धूल भरी आंधी और लू का प्रकोप
मौसम विभाग की मानें तो आज भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम (UP Weather Update) शुष्क बना रहेगा और कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है। दिन के समय तेज लू चलने की आशंका भी जताई गई है।
किन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा?

मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद और बुलंदशहर जैसे जिलों में गर्म रातों का अलर्ट जारी किया गया है।
कुल 35 जिले अलर्ट पर
यूपी के कुल 35 जिलों में आज लू चलने की चेतावनी है। राजधानी लखनऊ में भी हाल बेहाल है। यहां भी तापमान और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। नोएडा और गाजियाबाद में हीटवेव के साथ-साथ गर्म रातों से भी निजात नहीं है।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
कासगंज, एटा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में हीटवेव के लिए यलो अलर्ट है। सोमवार को आगरा और झांसी में तापमान 45.9 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि कानपुर में यह 44.4 डिग्री दर्ज किया गया।
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों तक गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि, 11 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश से मिलेगी राहत
12 से 15 जून के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं, पश्चिमी यूपी में अगले 24 घंटों में पारा 2 डिग्री तक और चढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद वहां भी थोड़ी राहत मिल सकती है।