वाराणसी। आगामी सावन महीने और मोहर्रम पर्व को देखते हुए नगर निगम, वाराणसी (Nagar Nigam) ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक हुई, जिसमें साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, जलभराव और रोशनी जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया।
Nagar Nigam : मोहर्रम को लेकर विशेष दिशा-निर्देश
बैठक में महापौर ने मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि ताजिया जुलूस मार्गों की तत्काल जांच की जाए और आवश्यकता होने पर सड़क मरम्मत या पैचवर्क तुरंत कराया जाए। साथ ही स्वास्थ्य अधिकारी और जलकल विभाग को निर्देशित किया गया कि जुलूस मार्गों पर सीवर की सफाई, चूने का छिड़काव और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सावन के लिए 24×7 सफाई और निगरानी व्यवस्था
सावन के महीने में शिवालयों और कांवड़ यात्रा मार्गों की विशेष साफ-सफाई के लिए नगर निगम (Nagar Nigam) कर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाने का आदेश दिया गया है। कांवड़ मार्गों पर पेयजल के टैंकर, स्प्रिंकलर मशीन से सड़क धुलाई, चूना छिड़काव, डस्टबिन की व्यवस्था और शिविरों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
हर सुबह होगा वार्ड निरीक्षण
महापौर और नगर आयुक्त ने निर्णय लिया है कि वे स्वयं हर सुबह 7 से 9 बजे तक वार्डों का निरीक्षण करेंगे। उनके साथ जोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, अभियंता और जलकल अधिकारी भी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में दिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:
- जलभराव वाले क्षेत्रों (जैसे मलदहिया G.G.I.C., बिरदोपुर, IP माल के पीछे) में पंप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- पांडेय हवेली और बिरदोपुर में जेटिंग मशीन से विशेष सीवर सफाई अभियान चलाया जाएगा।
- माधोपुर में रेलवे द्वारा साफ-सफाई न करने पर महापौर ने नाराजगी जताई और रेलवे के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए।
- तत्काल समाधान के लिए QRT (Quick Response Team) गठित करने को कहा गया।
- रविंद्रपुरी में पीडब्ल्यूडी द्वारा बंद किए गए सीवर चैंबर को दोबारा चालू कराने के लिए विभाग को नोटिस देने का आदेश।
- पंचकोशी मार्ग पर अतिक्रमण हटाने और मार्ग प्रकाश व सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश।
- निरीक्षण के दौरान पाए गए छोटे कार्यों का 24 घंटे के भीतर निस्तारण अनिवार्य किया गया।
उपस्थित अधिकारी:
बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, सुभाष सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र चौधरी, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, उद्यान अधीक्षक डॉ. वी.के. सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
