Mathura : मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में कई लोगों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। एक हादसे में जहां एक इको कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, वहीं दूसरे हादसे में तेज रफ्तार बस पलटने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
पहली घटना: इको गाड़ी की टक्कर में छह की मौत
सुबह करीब 3 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 140 के पास एक इको गाड़ी को अज्ञात वाहन ने जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई।
Mathura: पत्नी के अवैध संबंध, पति को बेरहमी से तड़पाकर मारा, शरीर पर धारदार हथियार के निशान
मरने वालों की पहचान धर्मवीर, उनके बेटे रोहित और आर्यन (निवासी: बासोनी, आगरा), दलवीर उर्फ छुल्ले, पारस सिंह तोमर (निवासी: बढ़पुरा हुसैद, महोबा, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। घायल सोनी (धर्मवीर की पत्नी) और पायल (धर्मवीर की बेटी) को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सभी लोग नोएडा से आगरा जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना: ड्राइवर को झपकी आई, बस पलटी – 29 घायल
इसी क्षेत्र के माइलस्टोन 131 पर यमुना एक्सप्रेस-वे पर करीब 3:30 बजे दिल्ली से मध्य प्रदेश के भिंड जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया गया कि चालक को झपकी आने के कारण बस पलटी, जिसमें करीब 60 से 65 लोग सवार थे।

हादसे में 29 लोग घायल हुए, जिनमें से अक्षय, पूजा (पुत्री रामवृक्ष), मोनू रावत (पुत्र मुंशी रावत) और राहुल रावत (पुत्र बाबूलाल) की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस कर रही जांच
दोनों दुर्घटनाओं के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य चलाया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश जारी है, और बस हादसे की भी जांच की जा रही है कि क्या वाहन की तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही इसका कारण बनी।