पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को ‘संकल्प’ भवन में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के धान अधिप्राप्ति की समीक्षा बैठक की। बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव डॉ. एन. सरवन कुमार ने इस वर्ष के न्यूनतम समर्थन मूल्य, धान अधिप्राप्ति की प्रस्तावित अवधि और लक्ष्य की जानकारी दी।
इस वर्ष सामान्य ग्रेड के धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, और धान अधिप्राप्ति 1 नवंबर 2024 से 15 फरवरी 2025 तक की जाएगी। राज्य का अधिप्राप्ति लक्ष्य 45 लाख मीट्रिक टन रखा गया है।
समीक्षा में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राज्य के 19 जिलों में धान अधिप्राप्ति शुरू कर दी गई है और 15 नवंबर से अन्य जिलों में भी यह कार्य प्रारंभ होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिप्राप्ति प्रक्रिया में किसानों को कोई परेशानी न हो और कार्य में गड़बड़ी पर सख्त नजर रखी जाए।
