वाराणसी। अस्सी घाट पर आयोजित तीन दिवसीय काशी गंगा महोत्सव के दूसरे दिन नवांकुर कलाकारों की प्रतिभा ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस दिन महोत्सव को देखने के लिए लाखों की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में युवा कलाकारों ने पंडित अंशुमान महाराज के नेतृत्व में अपनी कलाओं का मंचन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सौरभ त्रिपाठी के कथक नृत्य से हुई, जिसके बाद पूजा बसाक ने अपनी सुरीली आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मयंक और तनु ने अपने गायन से समां बांधा और अदिति ठाकुर व हरिकाश्री काशी की भरतनाट्यम प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर किया। साथ ही सनबीम ग्रुप की छात्राओं के लोक नृत्य और उन्नति डे के नृत्य ने माहौल में जोश भर दिया। सितार वादन में श्रावणी विश्वास की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।

महोत्सव में इटावा घराने की विदुषी डॉ. श्रावणी विश्वास ने अपने बेजोड़ सितार वादन से दर्शकों का मन मोह लिया, जिसके बाद उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया। दिल्ली से आई प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना रिचा गुप्ता ने “गंगा तरंग रमणीय जटा कलापंम” पर अपने नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी, जिसमें गुरु घनश्याम प्रसाद ने गायन से उनका साथ दिया। इसके अलावा, गुरु वंदना जायसवाल के मार्गदर्शन में उन्नति डे ने भी कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, उपाध्यक्ष गीता शास्त्री ,पर्यटन अधिकारी नवीन सिंह और प्रमोद मिश्रा ने दीप प्रज्वलन कर किया। नवांकुर कलाकारों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पर्यटन विभाग द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। महोत्सव का समापन चौथे दिन नमो घाट पर किया जाएगा।

