लखनऊ I डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर आज देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी जगह-जगह बाबा साहब को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा प्रदेश इकाई ने सभी बूथों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। हर बूथ पर संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया और गोष्ठियों में बाबा साहब के राष्ट्र नवनिर्माण में योगदान पर चर्चा की गई। इस आयोजन के माध्यम से बाबा साहब के विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहब को याद करते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, “संविधान शिल्पी, सामाजिक न्याय के पुरोधा और वंचितों के प्रखर स्वर, ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! ‘अंत्योदय’ एवं लोक-कल्याण हेतु समर्पित बाबा साहब सच्चे अर्थों में मां भारती के महारत्न और लोकतंत्र की पाठशाला हैं। उनका संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए पाथेय है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी बुलंदशहर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ में बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी। डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारतीय संविधान का शिल्पकार माना जाता है। उन्होंने समाज में वंचित वर्गों को समानता और न्याय दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनकी दूरदर्शिता और प्रेरणादायक व्यक्तित्व ने लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को मजबूत किया।
