काशी की आंचल पटेल का राष्ट्रीय फुटबॉल शिविर के लिए चयन, अंडर-20 इंडिया कैंप में लेंगी हिस्सा

वाराणसी। छित्तूपुर की निवासी और उत्तर प्रदेश की बेस्ट स्कोरर एवं स्ट्राइकर आंचल पटेल ने अपनी फुटबॉल प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। लेफ्ट विंगर आंचल, जो अपने बाएं पैर के दमदार खेल के लिए जानी जाती हैं, उनका चयन राष्ट्रीय शिविर के लिए हुआ है। वह बेंगलुरु में आयोजित इस शिविर में प्रशिक्षण लेंगी और राष्ट्रीय टीम के लिए ट्रायल में हिस्सा लेंगी।

आंचल के कोच भैरव दत्त ने बताया कि आंचल ने 2020 में अंडर-14 आयु वर्ग से फुटबॉल खेलना शुरू किया था। पहले ही साल आंध्र प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता में उनकी टीम ने स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद, 2021 में अंडर-19 राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में कांस्य पदक और 2022 में फेडरेशन के राष्ट्रीय मुकाबले में चौथा स्थान हासिल किया। साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आंचल ने राजस्थान में फेडरेशन की राष्ट्रीय प्रतियोगिता, 27वीं सीनियर नेशनल चैंपियनशिप (गाजियाबाद), और अंडर-19 इंडिया कैंप (गोवा) में हिस्सा लिया। 2024 में कर्नाटक में आयोजित अंडर-19 नेशनल प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने उन्हें अंडर-20 इंडिया कैंप के लिए क्वालिफाई करने का मौका दिया।

आंचल 9 दिसंबर को वाराणसी से बेंगलुरु के लिए रवाना होंगी। उनके पिता तेज बहादुर पटेल एक दुकान चलाते हैं और बेटी की उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। आंचल का यह चयन वाराणसी और उत्तर प्रदेश के फुटबॉल प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *