नई दिल्ली I दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की अटकलों पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूरी तरह विराम लगा दिया है। केजरीवाल ने साफ किया कि आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी प्रकार के गठबंधन की संभावना से इनकार किया गया है।
न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया था कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत अंतिम चरण में है। इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।
दिल्ली चुनाव की तैयारियों में जुटी आप ने अब तक दो सूचियां जारी की हैं। पहली सूची में 11 और दूसरी में 20 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि वह चुनावी मैदान में पूरी तैयारी के साथ उतरेगी।
2020 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की थी। भाजपा को 8 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में होने की संभावना है। चुनाव आयोग जनवरी में तारीखों की घोषणा कर सकता है और फरवरी में मतदान होने की उम्मीद है। भाजपा और आप दोनों चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई हैं। कांग्रेस को लेकर स्थिति अब स्पष्ट हो चुकी है कि वह आप के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
