आने वाले दिनों में बदलेगा मौसम का मिजाज, ठंड के साथ यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार!


उत्तर प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। कोहरे और ठंड की दोहरी मार के बीच दिन में धूप से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम करवट लेगा। 22 दिसंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह और देर रात हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है।


23 दिसंबर: बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 23 दिसंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में हालांकि मौसम साफ रहेगा।


24 और 25 दिसंबर: सुबह-शाम कोहरे का असर

24 और 25 दिसंबर को पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जबकि पूर्वी यूपी में सुबह और देर रात हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। विशेषज्ञों के मुताबिक, 22 दिसंबर से बंगाल की खाड़ी में सक्रिय दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 23 दिसंबर को पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है।


26-28 दिसंबर: हल्की बारिश और तापमान में बदलाव

मौसम विभाग की मानें तो 26 दिसंबर की शाम से पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू होगी, जो 27 दिसंबर को लखनऊ और आसपास के इलाकों तक फैल जाएगी। हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान कम होगा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। 28 दिसंबर तक बारिश में कमी आएगी और 29 दिसंबर से मौसम शुष्क हो जाएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट की संभावना है।


शीतलहर से राहत

28 दिसंबर तक प्रदेश में घने कोहरे और शीतलहर से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसके बाद ठंड और कोहरे का प्रभाव फिर से बढ़ सकता है।

Ad 1


शनिवार का तापमान: जानें आपके शहर का हाल

शनिवार को यूपी के विभिन्न शहरों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:

  • कानपुर: 6℃
  • अयोध्या: 6.5℃
  • बुलंदशहर: 7℃
  • शाहजहांपुर: 7℃
  • फुरसतगंज: 7℃
  • मेरठ: 7.2℃
  • गोरखपुर: 7.4℃
  • बरेली: 7.5℃
  • नजीबाबाद: 7.6℃
  • बहराइच: 8℃
  • बाराबंकी: 8.5℃
  • इटावा: 8.2℃
  • फतेहपुर: 8.6℃

लखनऊ में अधिकतम तापमान 25.1℃ और न्यूनतम तापमान 9.1℃ दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *