प्रयागराज। सराय इनायत थाना क्षेत्र में शनिवार को ब्रिज टॉवर गिरने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कुल पांच मजदूर घायल हो गए। हादसे में एक मजदूर का पैर कटने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। तीन अन्य मजदूरों को एसआरएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि दो मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
यह घटना उस समय हुई जब मशीन की मदद से ब्रिज टॉवर का तार खींचा जा रहा था। इसी दौरान अचानक टॉवर गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसके नीचे दब गए। हादसे की पुष्टि डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने की है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्यों को अंजाम दिया।
तीन मजदूरों की हालत गंभीर :-
घायलों में तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें एसआरएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है, और लोगों में इस घटना को लेकर चिंता बनी हुई है।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। यह घटना निर्माण स्थलों पर सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।
