यूपी में पड़ेगी कड़कड़ाती, IMD ने मेरठ, गाजियाबाद समेत कई जिलों में किया कोल्ड डे का अलर्ट!

उत्तर प्रदेश में नए साल का आगाज भीषण ठंड के साथ हुआ। प्रदेश के कई जिलों में कंपकंपी बढ़ गई है। नववर्ष के पहले दिन, बुधवार को, लंबे समय बाद धूप निकली, लेकिन सर्द हवाओं ने दिनभर ठिठुरन बनाए रखी। राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में भी बुधवार को सर्दी का जोरदार असर रहा। मौसम विभाग ने शीत दिवस का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और बिजनौर में भी शीत दिवस की चेतावनी दी गई है। आज, 2 जनवरी, को मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि सुबह और रात के समय कोहरा पड़ सकता है।


लखनऊ का मौसम: ठंड के बीच खिली धूप

लखनऊ में नए साल का पहला दिन सर्द पछुआ हवाओं के साथ शुरू हुआ। हालांकि, दोपहर बाद धूप खिलने से ठंड थोड़ी कम हुई और मौसम सुहाना लगने लगा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं का असर धीरे-धीरे कम होगा। कोहरा छंटने और धूप निकलने की संभावना है, जिससे सर्दी में थोड़ी राहत मिलेगी।


2 जनवरी 2025 का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 2 जनवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में रात और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है। साथ ही, ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। जनवरी के मध्य तक उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे ठंड में और इजाफा होगा।


3 और 4 जनवरी का अनुमान

3 और 4 जनवरी को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह और रात के समय कोहरा छाने की संभावना बनी रहेगी। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, पछुआ हवाओं के चलते उत्तर प्रदेश में ठंड और बढ़ने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और गिरावट हो सकती है।


शीत दिवस का अलर्ट

मौसम विभाग ने लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद जिलों में शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, संभल और बदायूं में भी शीत दिवस की संभावना है। पिछले 24 घंटे में मेरठ में न्यूनतम तापमान 6.0℃ दर्ज किया गया, जबकि कई जिलों में अधिकतम तापमान 14℃ से नीचे चला गया है।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *