लखनऊ I समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान यह चौंकाने वाला दावा किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने यह बयान बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर के एक कथित बयान का जिक्र करते हुए दिया।
गायों की हत्या पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा, “बीजेपी के विधायक कह रहे हैं कि 50 हजार गाय रोजाना काटी जा रही हैं। या तो यह बयान गलत है या यह सच है। अगर ऐसा हो रहा है, तो सरकार चुप क्यों है? अगर विधायक सही हैं, तो मुख्यमंत्री आवास में घुसने से कौन रोक रहा है? वैसे भी मुख्यमंत्री बीजेपी के सदस्य नहीं हैं।”
संभल मुद्दे पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने संभल में हुई घटनाओं पर भी सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ितों से मिलने जाना चाहता था, लेकिन सरकार ने पहले इसकी अनुमति नहीं दी। बाद में जब दबाव बढ़ा, तो अनुमति दी गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने शुरू में प्रतिनिधिमंडल को क्यों रोका? क्या छिपाने की कोशिश की जा रही थी?
प्रशासन की भूमिका पर सवाल
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही और दबाव के कारण निर्दोष लोगों की जान गई। उन्होंने कहा, “ये दंगे नहीं थे। लोगों की जान इसलिए गई क्योंकि प्रशासन ने गोलियां चलाईं। जो लोग जेल गए, उन्हें बुरी तरह पीटा गया और उन पर झूठे बयान देने का दबाव बनाया गया।”
जाति के आधार पर कार्रवाई का आरोप
सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि अधिकारियों पर जाति के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने प्रशासनिक गतिविधियों को अलोकतांत्रिक बताते हुए अधिकारियों पर भारी दबाव होने का आरोप लगाया।