A
उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 9 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस बदलाव में कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
प्रमुख सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अनुराग यादव को अब समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रमुख सचिव, नियोजन एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग आलोक कुमार-III को उनके वर्तमान पद के साथ आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज को उनके मौजूदा पद के साथ उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंध अकादमी (उपाम) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी क्रम में प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास सौरभ बाबू को दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
रवि रंजन, जो यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन और यूपी एग्रो के प्रबंध निदेशक थे, उन्हें विशेष सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बनाया गया है। टीके शिबु को विशेष सचिव (एपीसी शाखा) के साथ यूपी एग्रो का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रतीक्षारत अधिकारियों में हिमांशु कौशिक को यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि सौम्या गुरुरानी को नगर आयुक्त शाहजहांपुर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा शाहजहांपुर के नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा को अपर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के पद पर तैनात किया गया है।