दुनिया में ईंधन संकट गहराया, जानिए किस देश में सबसे महंगा है पेट्रोल
Mumbai : वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच भारत में बीते 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें तीन बार बढ़ाई जा चुकी हैं। इसके चलते ईंधन के दामों में कुल मिलाकर करीब 4.80 से 5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है।
कीमतों में लगातार इजाफे के बाद देशभर में लोगों की चिंता बढ़ गई है। पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखने को मिली, जबकि विपक्षी दलों ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। हालांकि, वैश्विक तुलना में भारत में ईंधन कीमतों में हुई बढ़ोतरी अब भी काफी कम मानी जा रही है।
फरवरी से मई 2026 के बीच वैश्विक संकट और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते कई देशों में पेट्रोल की कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया। भारत में 15 मई को पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए। इसके बाद 19 मई को औसतन 90 पैसे प्रति लीटर और 23 मई को पेट्रोल में 87 पैसे तथा डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई।
दूसरी ओर, कई देशों में कीमतों में कहीं ज्यादा तेजी देखी गई। Myanmar में पेट्रोल की कीमतों में 89.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो दुनिया में सबसे ज्यादा रही। Pakistan में 54.9 प्रतिशत, United Arab Emirates में 52.4 प्रतिशत और United States में 44.5 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ीं। वहीं Nepal में 38.2 प्रतिशत, China में 21.7 प्रतिशत और United Kingdom में 19.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। भारत में यह बढ़ोतरी करीब 5 प्रतिशत रही।
सरकार का कहना है कि वैश्विक संकट और Strait of Hormuz में तनाव के बावजूद भारत ने लंबे समय तक कीमतों को नियंत्रित रखा। सरकारी तेल कंपनियां Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum कथित तौर पर प्रतिदिन भारी नुकसान झेलती रहीं, ताकि आम उपभोक्ताओं पर अचानक बोझ न पड़े।
मार्च 2026 में केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी में कटौती भी की थी, जिससे कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिली। दुनिया के कई देशों में पेट्रोल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी हैं। London में पेट्रोल 190 रुपये प्रति लीटर से ऊपर बिक रहा है, जबकि यूरोपीय देशों में कीमतें 179 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं।
दुनिया में सबसे महंगा पेट्रोल फिलहाल Hong Kong में बताया जा रहा है, जहां कीमतें करीब 300 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई हैं। वहीं Netherlands में पेट्रोल लगभग 2.90 अमेरिकी डॉलर प्रति लीटर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 245 से 255 रुपये प्रति लीटर के बीच बिक रहा है।