{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काम में सुस्ती पड़ी भारी: कैंट, शिवपुर और लालपुर थानों पर गिरी गाज, 12 पुलिसकर्मी निलंबित

वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कैंट, शिवपुर और लालपुर-पांडेयपुर थानों का औचक निरीक्षण कर लापरवाही पर 2 इंस्पेक्टर समेत 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। लंबित विवेचना, कमजोर वाहन चेकिंग और वारंटियों की गिरफ्तारी में सुस्ती मिलने पर यह कार्रवाई की गई।

 

वाराणसी: पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में गुरुवार शाम बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला, जब पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैंट, शिवपुर और लालपुर-पांडेयपुर थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में गंभीर लापरवाही मिलने पर 2 इंस्पेक्टर समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

औचक निरीक्षण से थानों में मचा हड़कंप

पुलिस कमिश्नर के अचानक थानों पर पहुंचने से महकमे में हड़कंप मच गया। समीक्षा के दौरान मुकदमों की विवेचना, वाहन चेकिंग, गैर-जमानती वारंटियों की गिरफ्तारी और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का परीक्षण किया गया।

शिवपुर थाने में 3 दारोगा निलंबित

सबसे पहले पुलिस आयुक्त शिवपुर थाना पहुंचे, जहां कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कोमल यादव और आशीष कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया।

कैंट थाने में सबसे बड़ी कार्रवाई

इसके बाद कैंट थाने में निरीक्षण के दौरान निरीक्षक संतोष पासवान सहित उपनिरीक्षक आशीष श्रीवास्तव, भैरव श्रीवास्तव, मुन्ना यादव, जमुना प्रसाद तिवारी और प्रवेश को सस्पेंड कर दिया गया।

लालपुर-पांडेयपुर में भी गिरी गाज

लालपुर-पांडेयपुर थाने में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार गुप्ता, कोमल कुमार गुप्ता और विजेंद्र सिंह को निलंबित किया गया।

इन खामियों पर हुई कार्रवाई

जांच में सामने आया कि कई विवेचकों के पास 60 दिन से अधिक पुराने मामलों की बड़ी संख्या लंबित थी। शिकायतों का निस्तारण संतोषजनक नहीं मिला, जबकि गैर-जमानती वारंट में गिरफ्तारी बेहद कम पाई गई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट वाहनों और गलत दिशा में चलने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई थी।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट कर दिया कि कानून-व्यवस्था और जांच कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इसी तरह की सुस्ती मिलने पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।