ट्रेन से हो रही थी दुर्लभ कछुओं की तस्करी, शिवपुर स्टेशन पर GRP-RPF ने दबोचा, कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान
वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन की जीआरपी ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छह बैग में रखे 12 इंडियन सॉफ्टशेल कछुए बरामद किए गए हैं। बरामद कछुओं की कीमत प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कुम्भा एक्सप्रेस में मिली सफलता
जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर देहरादून से हावड़ा जा रही कुम्भा एक्सप्रेस की एस-1 बोगी में शिवपुर स्टेशन के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसके छह बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 12 कछुए मिले पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
सुल्तानपुर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान रानू कंजड़, निवासी जगदीशपुर, सुल्तानपुर के रूप में बताई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बरामद कछुए इंडियन सॉफ्टशेल टर्टल हैं, जिन्हें गोमती नदी से पकड़ा गया था। वह इन्हें निहालगढ़ स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर हावड़ा ले जा रहा था, जहां उनकी सप्लाई की जानी थी।
वन विभाग की रिपोर्ट का इंतजार
जीआरपी के अनुसार बरामद कछुओं की प्रजाति और उनकी वास्तविक बाजार कीमत की पुष्टि के लिए वन विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि बरामद कछुओं को वन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।