{"vars":{"id": "130921:5012"}}

शव लेकर वाराणसी जा रही मैजिक ट्रक से टकराई, 17 घायल, 4 की हालत गंभीर

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ। बिहार से शव लेकर वाराणसी जा रही मैजिक वाहन ट्रक से टकरा गई, जिसमें 17 लोग घायल हो गए। 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस हादसे की वजह चालक को झपकी आना और तेज रफ्तार मान रही है।

 

वाराणसी/चंदौली: मुगलसराय स्थित अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार के भभुआ जनपद से शव लेकर वाराणसी अंतिम संस्कार के लिए जा रही एक मैजिक वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर ट्रक से टकरा गई। हादसे में कुल 17 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

रात 1:30 बजे हुआ हादसा, ट्रक में पीछे से घुसी मैजिक

जानकारी के अनुसार, यह हादसा चंदैली के अलीनगर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार मैजिक वाहन अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन में शव के साथ बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सवार थे, जो अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे।

पुलिस और NHAI टीम ने चलाया राहत-बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और NHAI हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची। अंधेरे और अफरा-तफरी के बीच राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

4 गंभीर घायल BHU ट्रॉमा सेंटर रेफर

इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार हादसे में कुल 17 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें 15 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि चार की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

चालक को झपकी आने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आ गई थी, जिसके चलते मैजिक सीधे ट्रक में जा घुसी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है।

हादसे के बाद परिवारों में मचा कोहराम

पुलिस ने सभी घायलों के परिवारों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे की खबर सुनते ही मृतक और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में देर रात तक अफरा-तफरी और रोने-बिलखने का माहौल बना रहा।