{"vars":{"id": "130921:5012"}}

20 घंटे, 163 प्रोजेक्ट और 40 हजार महिलाएं: PM मोदी का काशी दौरा क्यों है खास?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28-29 अप्रैल को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। प्रशासन और भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

 

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। उनका यह प्रवास करीब साढ़े 20 घंटे का होगा, जिसमें विकास परियोजनाओं के उद्घाटन से लेकर जनसंवाद और धार्मिक कार्यक्रम तक सब शामिल हैं। पीएम मोदी का ये दौरा क्यों खास है चलिए जानते हैं, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर 1:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से बरेका तक उनके लिए सड़क और हेलिकॉप्टर दोनों विकल्प तैयार रखे गए हैं, जिससे सुरक्षा और समय प्रबंधन को ध्यान में रखा जा सके।

महिला सम्मेलन में शक्ति प्रदर्शन

बरेका में आयोजित होने वाला महिला सम्मेलन इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। शाम 5 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों से आई करीब 40 हजार महिलाएं शामिल होंगी।

इस आयोजन के जरिए महिला सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी का संदेश देने की तैयारी है। मंच पर प्रधानमंत्री के साथ आनंदीबेन पटेल, योगी आदित्यनाथ, नितिन नवीन और पंकज चौधरी की मौजूदगी इस कार्यक्रम को और अहम बनाएगी।

6332 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा काशी का इंफ्रास्ट्रक्चर

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री काशी को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। कुल 6332 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है। 

इन योजनाओं में गंगा पर रेल-रोड पुल, सीवर और जलापूर्ति परियोजनाएं, कबीरचौरा अस्पताल का विस्तार, इंटीग्रेटेड कमिश्नरी कॉम्प्लेक्स, भगवानपुर एसटीपी प्लांट और शहर की सड़कों का विकास शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य काशी के बुनियादी ढांचे को आधुनिक और सुदृढ़ बनाना है।

बुद्धिजीवियों और महिलाओं से संवाद

शाम 7 बजे प्रधानमंत्री काशी के बुद्धिजीवियों और महिला प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। यह कार्यक्रम केवल औपचारिक नहीं बल्कि संवाद आधारित होगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। यह पहल सरकार और समाज के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

विश्वनाथ धाम में दर्शन के साथ आध्यात्मिक कार्यक्रम

अगले दिन 29 अप्रैल की सुबह प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। काशी में उनके आगमन को लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारियां भी की जा रही हैं। धार्मिक दृष्टि से यह कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां आस्था और परंपरा का समागम दिखाई देगा।

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण

काशी में कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से हरदोई के मल्लावां के लिए रवाना होंगे। वहां वे गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला प्रोजेक्ट माना जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी दौरा

नितिन नवीन भी 28 अप्रैल को वाराणसी पहुंचेंगे। वह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे और महिला सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वे काशी में रात्रि विश्राम करेंगे और 29 अप्रैल को विंध्याचल धाम में पूजा-अर्चना करेंगे, जिससे इस दौरे का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है।