21 अर्चक, 42 देव कन्याएं और 51 हजार दीप... देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर हुई मां गंगा की भव्य महाआरती
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में देव दीपावली का पर्व इस बार भक्ति, आस्था और राष्ट्रभक्ति के अनूठे संगम का गवाह बना। विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। 51 हजार दीपों की रोशनी, 21 अर्चकों के वैदिक मंत्रोच्चार और 42 देव कन्याओं की सहभागिता ने पूरे घाट को दिव्य और भव्य स्वरूप दे दिया। इस दौरान देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती के दर्शन किए।
21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने उतारी मां गंगा की आरती
देव दीपावली महोत्सव में गंगा सेवा निधि की ओर से मां गंगा की भव्य महाआरती आयोजित की गई। इसमें 21 अर्चकों ने वैदिक विधि-विधान से मां गंगा का पूजन किया। वहीं दुर्गाचरण इंटर कॉलेज की 42 देव कन्याओं ने रिद्धि-सिद्धि के स्वरूप में आरती में सहभागिता की। श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल के 10 स्वयंसेवकों ने भी महाआरती में हिस्सा लिया।
इस दौरान 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से दशाश्वमेध घाट सहित आसपास के घाटों को सजाया गया। घाट पर बनाई गई 20 फीट ऊंची अमर जवान ज्योति की अनुकृति भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
शहीदों को नमन, परिजनों को भगीरथ शौर्य सम्मान
देव दीपावली के आयोजन में राष्ट्रभक्ति का भाव भी प्रमुखता से नजर आया। अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर सेना और सुरक्षा बलों के अधिकारियों, जवानों तथा गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद 39 जीटीसी के बैंड की धुन पर जवानों ने लास्ट पोस्ट और गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के अमर बलिदानी कांस्टेबल उताउर रहमान खान और कांस्टेबल कोलाहल यादव के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अमर बलिदानी शशिकांत सिंह और रामबिलास सिंह यादव के परिजनों को 'भगीरथ शौर्य सम्मान' से सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से सभी बलिदानियों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
शहीदों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी गंगा सेवा निधि
इस वर्ष गंगा सेवा निधि ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की। संस्था अब भगीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित अमर बलिदानियों के बच्चों की कक्षा छह से 12वीं तक की पढ़ाई का पूरा शैक्षणिक खर्च उठाएगी। इस पहल का उद्देश्य देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के परिवारों को आर्थिक संबल देना और उनके बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना है।
भजन और संगीत से सजी सुरों की शाम
महाआरती से पहले गंगा तट पर भजन और राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गायिका डॉ. रेवती साकलकर और उनके सहयोगियों ने भजन-संगीत एवं राष्ट्रगीत की प्रस्तुति दी। वहीं प्रख्यात गायक पद्मश्री अनूप जलोटा, देवेंद्र कुमार भारती, हिमांशु तिवारी और अमरजीत सिंह ने अपनी स्वरांजलि से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, सेंट्रल कमांड लखनऊ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने की। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रवींद्र जायसवाल सहित बीएसएफ, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, वायुसेना और अन्य सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
गंगा सेवा निधि ने अपने अभियान 'एक संकल्प गंगा किनारे' के माध्यम से देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प दिलाया। संस्था ने लोगों से गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
सुरक्षा के लिए लगाए गए 30 सीसीटीवी कैमरे
लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे। गंगा सेवा निधि की ओर से 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। भारत सेवा श्रम संघ के 100 स्वयंसेवक और संस्था के 150 वॉलंटियर्स व्यवस्थाओं में जुटे रहे। इसके अलावा राजकीय चिकित्सालय की ओर से डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस तैनात की गई थी। एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी ने वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की थी।
कार्यक्रम के अंत में गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने श्रद्धालुओं, अतिथियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। इस तरह दशाश्वमेध घाट पर आयोजित देव दीपावली महोत्सव ने एक बार फिर काशी की धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना को एक मंच पर प्रस्तुत किया।