{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी कमिश्नरेट में 3 बदमाश जिला बदर, कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई
 

 

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। अपर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा गुरुवार को कुल तीन अभियुक्तों के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही की गई।

यह कार्रवाई थाना आदमपुर, सिगरा और कैंट क्षेत्र के ऐसे अभियुक्तों के खिलाफ की गई है, जिनका आपराधिक इतिहास चोरी, लूट, मारपीट, धमकी, शांति भंग, लोक व्यवस्था प्रभावित करने, एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं से जुड़ा रहा है। पुलिस के अनुसार, इन अभियुक्तों की गतिविधियां लगातार जनसामान्य में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही थीं।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के तहत आदमपुर थाना क्षेत्र निवासी अभियुक्त शनि साहनी को छह माह के लिए जिला बदर किया गया है। शनि साहनी के विरुद्ध जीआरपी और आदमपुर थाने में चोरी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, थाना सिगरा क्षेत्र निवासी प्रीतम उर्फ प्रीतम सोनकर और थाना कैंट क्षेत्र निवासी सम्राट सिंह उर्फ वैभव सिंह को तीन-तीन माह के लिए जिला बदर किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर की अवधि के दौरान तीनों अभियुक्तों का कमिश्नरेट वाराणसी की सीमा में प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा। आदेशों के उल्लंघन की स्थिति में उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।