BHU के 47 कला विद्यार्थियों ने हेरिटेज वॉक में जानी काशी की विरासत, जयपुर के कलाकार नाथूलाल शर्मा का हुआ सम्मान
Varanasi : काशी की धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत से कला विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से इंटैक (INTACH) वाराणसी चैप्टर और इंडिया टूरिज्म वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए 47 कला विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी विद्यार्थी काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के दृश्य कला संकाय में आयोजित फ्रेस्को चित्रकला कार्यशाला में हिस्सा ले रहे हैं।
हेरिटेज वॉक का संयोजन टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन वाराणसी ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को काशी के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया गया तथा उनके महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
द्वारकाधीश मंदिर से लोलार्क कुंड तक देखी काशी की विरासत
हेरिटेज वॉक के दौरान विद्यार्थियों ने द्वारकाधीश मंदिर, अस्सी स्थित आश्रम, अस्सी संगमेश्वर मंदिर, रानी लक्ष्मीबाई जन्मस्थली, तुलसी घाट, महंत तुलसीदास अखाड़ा और लोलार्क कुंड का भ्रमण किया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को उस ऐतिहासिक स्थल पर भी ले जाया गया, जहां परंपरागत मान्यता के अनुसार गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस की रचना के दौरान निवास किया था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को इन स्थलों से जुड़ी धार्मिक परंपराओं, स्थापत्य कला, सांस्कृतिक महत्व और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी गई।
कला विद्यार्थियों में विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
इंटैक वाराणसी चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कला विद्यार्थियों को काशी की समृद्ध विरासत से परिचित कराना और उनमें ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन वाराणसी के अध्यक्ष एवं इंटैक के आजीवन सदस्य नीलेश सिन्हा ने राम निहाल सिंह और वरुण अग्रवाल के साथ विद्यार्थियों को विभिन्न स्थलों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।
इंटैक वाराणसी चैप्टर के संयोजक अशोक कपूर ने प्रतिभागी विद्यार्थियों और शिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इंटैक वाराणसी विद्यार्थियों के बीच विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों में पूरा सहयोग करेगा।
जयपुर के प्रसिद्ध कलाकार नाथूलाल शर्मा का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जयपुर के प्रसिद्ध कलाकार नाथूलाल शर्मा का भी सम्मान किया गया। वह वर्तमान में बीएचयू के दृश्य कला संकाय में फ्रेस्को चित्रकला कार्यशाला का संचालन कर रहे हैं।
होटल गंगेज व्यू में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में शशांक नारायण सिंह ने नाथूलाल शर्मा को बनारस की काष्ठकला से निर्मित स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बीएचयू के दृश्य कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. जसविंदर कौर, प्रो. सुरेश नायर और प्रो. सुरेश कुमार जांगिड़ भी उपस्थित रहे।