{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बरेका में हुई अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, 51 अधिकारियों-कर्मियों ने लिया हिस्सा

 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में सोमवार को राजभाषा विभाग के तत्वावधान में अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में तथा बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में आयोजित हुई।

मुख्य राजभाषा अधिकारी रामजन्म चौबे के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य रेलवे बोर्ड स्तर पर होने वाली अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए बरेका के प्रतिभागियों का चयन करना था। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों में हिंदी के प्रयोग, राजभाषा नीति और सामान्य ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इसका प्रमुख लक्ष्य रहा।

प्रतियोगिता में बरेका के 51 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हिंदी माध्यम में आयोजित इस प्रतियोगिता में रेलवे, हिंदी भाषा एवं साहित्य, राजभाषा नीति तथा सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए।

पूरी प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी अब रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बरेका का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बरेका प्रशासन का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ राजभाषा के प्रभावी प्रयोग को भी प्रोत्साहित करती हैं।