54वीं बार काशी दौरा, 14KM लंबा रोड शो...6 हजार करोड़ की सौगात; जानें PM मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का यह 2026 का पहला और पिछले 11 वर्षों में काशी का 54वां दौरा होगा। इससे पहले वह नवंबर 2025 में वाराणसी आए थे। अपने इस दौरे में प्रधानमंत्री काशीवासियों और पूर्वांचल को 6000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा 14 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन करेंगे। आइए जानते है पीएम मोदी के दौरे का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
28 अप्रैल को शाम में पहुंचेंगे पीएम
भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री शाम करीब 4 बजे विशेष विमान से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए बरेका हेलीपैड पहुंचेंगे।
इसके बाद पीएम बीएलडब्ल्यू ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वह करीब 40 हजार महिलाओं को संबोधित करेंगे।
महिलाओं से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री महिलाओं के बीच “नारी शक्ति वंदन” से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे और उनकी राय भी जानेंगे। इस कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
सभा के बाद प्रधानमंत्री बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि रात में वह कुछ विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं।
29 अप्रैल को होगा 14 किलोमीटर लंबा रोड शो
दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके लिए बरेका से बाबा विश्वनाथ धाम तक भव्य रोड शो निकाला जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह रोड शो करीब 14 किलोमीटर लंबा होगा और अब तक का काशी का सबसे बड़ा रोड शो माना जा रहा है। इसके लिए शहर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
वाराणसी को मिलेगा देश का सबसे बड़ा सिग्नेचर ब्रिज
प्रधानमंत्री वाराणसी को देश के सबसे बड़े रेल-सड़क सिग्नेचर ब्रिज की सौगात देंगे। यह डबल डेकर पुल 1074 मीटर लंबा होगा और इसकी अनुमानित लागत करीब 2600 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह पुल “परिवहन संगम” परियोजना का हिस्सा होगा और राजघाट पुल का विकल्प बनेगा, जिसकी मियाद अब लगभग पूरी मानी जा रही है।
बिहार और बंगाल तक आसान होगी कनेक्टिविटी
नया पुल बनने से वाराणसी की कनेक्टिविटी बिहार और पश्चिम बंगाल तक और मजबूत होगी। भारी वाहनों और माल ढुलाई को भी बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि मौजूदा राजघाट पुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है।
कबीरचौरा अस्पताल बनेगा हाईटेक
प्रधानमंत्री अपने दौरे में कबीरचौरा अस्पताल परिसर में बनने वाले सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की आधारशिला भी रखेंगे।
करीब 315.48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अस्पताल पूर्वांचल और आसपास के राज्यों के मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।