17 दिनों में बनाए 648 अनोखे चेहरे...काशी की बेटी पूनम राय ने रचा इतिहास, एक ही पेंटिंग पर बनाया तीसरा अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड
वाराणसी। काशी की प्रसिद्ध चित्रकार पूनम राय ने भारतीय कला जगत को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई है। उनकी चर्चित पेंटिंग 'Phases of Faces' को Harvard World Records, London में 'Most Unique Faces Created on a Single Canvas' (एक ही कैनवास पर सर्वाधिक अद्वितीय चेहरे बनाने) की श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है। इसके साथ ही इसी एक पेंटिंग पर उन्हें तीसरा अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड प्राप्त हुआ है।
पूनम राय ने 80×72 इंच के विशाल कैनवास पर 648 पूरी तरह अलग-अलग और अनोखे चेहरे उकेरे हैं। लगभग तीन इंच आकार के प्रत्येक चेहरे में अलग भाव, अलग व्यक्तित्व और विशिष्ट कलात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने इस पूरी कलाकृति को महज 17 दिनों में तैयार किया।
इससे पहले भी इसी पेंटिंग के लिए पूनम राय को दो अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड मिल चुके हैं। अब Harvard World Records, London में नाम दर्ज होने के बाद यह उपलब्धि और भी ऐतिहासिक बन गई है। यह संस्था लंदन मुख्यालय वाला एक अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड संगठन है।
अपनी सफलता पर पूनम राय ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय कला, सृजनशीलता और महिला कलाकारों की प्रतिभा को वैश्विक मंच पर मिली पहचान है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, शुभचिंतकों और उन सभी कला प्रेमियों को दिया, जिन्होंने उनकी रचनात्मक यात्रा में हमेशा उनका साथ दिया।
कला विशेषज्ञों के अनुसार, एक ही पेंटिंग पर तीन अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड हासिल करना बेहद दुर्लभ उपलब्धि है। इससे न केवल पूनम राय की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत हुई है, बल्कि वाराणसी और भारत की समृद्ध कला परंपरा को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई प्रतिष्ठा मिली है।
पूनम राय की इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पत्रकार अरविंद सिंह, लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय विनीत समेत कई कलाकारों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों और कला प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे भारतीय कला जगत के लिए गर्व का क्षण बताया।
इस अवसर पर अनुष्का मौर्य, स्नेहा, शशि, निवेक्षा, विनय, महेंद्र, संजीवनी, रिचा सिंह, नीलू, स्नेहा राय, प्रिय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।