76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान : 7वें दिन गोला दीनानाथ पहुंचे विधायक नीलकंठ तिवारी, लोगों से मुलाकात कर सुनी समस्याएं
वाराणसी। पूर्व मंत्री और वाराणसी दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी इन दिनों अपने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के तहत लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं। अभियान के दौरान विधायक वार्डों में जाकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दे रहे हैं।
अभियान के सातवें दिन शनिवार को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के गोला दीनानाथ वार्ड में स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, क्षेत्र भ्रमण और वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनता से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता बनाए रखने और शहर को बेहतर बनाने के लिए जनभागीदारी की अपील भी की।
जनता को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
वार्ड प्रवास अभियान के दौरान विधायक केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। साथ ही पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें पेंशन, सरकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं से जोड़ने का काम भी किया जा रहा है।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि वार्ड प्रवास कार्यक्रम पिछले चार वर्षों से लगातार चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
रविवार को कबीर नगर में लगेगी जन चौपाल
76 दिवसीय अभियान के तहत रविवार को कबीर नगर स्थित सामुदायिक भवन में जन चौपाल आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास करेंगे।
जन चौपाल में विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण और सत्यापन भी किया जाएगा।
हर वार्ड का तीन से चार बार होगा दौरा
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड में तीन से चार बार भ्रमण करने की योजना बनाई है, ताकि कोई भी समस्या अनदेखी न रह जाए और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
यह अभियान प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक चलाया जा रहा है। 19 जुलाई से सूर्यकुंड वार्ड से शुरू हुआ यह 76 दिवसीय अभियान 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) तक जारी रहेगा।
अब तक सूर्यकुंड, कमलगढ़हा, कोनिया, पियरी कला, मां बागेश्वरी, राजघाट और गोला दीनानाथ वार्ड में प्रवास कार्यक्रम पूरा हो चुका है।