ग्वालियर मे गायों के झुंड को बचाने में मजदूरों से भरी पिकअप डंपर से भिड़ी, 8 की मौत, 32 घायल
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार पिकअप की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा छीमका गांव के पास हुआ। पिकअप में मजदूर सवार थे। दुर्घटना में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब एक बजे हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे। ये मजदूर धान की रोपाई के लिए ग्वालियर क्षेत्र में आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर पिकअप से अपने घर वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे की विस्तृत जांच में जुटी है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।