{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ, 53 चित्रों में दिखाई गई योगी सरकार के 9 साल के विकास कार्यों की झलकियां

 

वाराणसी। नाटीमिली स्थित भरत मिलाप मैदान में गुरुवार को “नवनिर्माण के 9 वर्ष” विषय पर आधारित भव्य चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रवींद्र जायसवाल ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।



सूचना विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 19 मार्च से 26 मार्च तक चलेगी, जिसमें योगी सरकार के 9 वर्षों के विकास कार्यों और उपलब्धियों को 53 आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में ‘योगी की पाती’ विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिसे देखने के लिए लोगों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।



उद्घाटन के दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में बीते वर्षों में कानून व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ बुनियादी ढांचे में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने एक्सप्रेस-वे, मेट्रो परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे आवास, उज्ज्वला और आयुष्मानको इस प्रगति का प्रमुख आधार बताया।


उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार का परिणाम बताते हुए आम नागरिकों से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करें।

इस मौके पर धर्मेंद्र राय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभागीय अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।