BLW कैंपस में बनेगा 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, 120 कर्मचारी क्वार्टर तोड़े जाएंगे
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कैंपस में एक बड़ा स्वास्थ्य सुविधा विकास प्रस्तावित है। यहां पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर 500 बेड क्षमता वाला सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाए जाने की तैयारी तेज हो गई है। इस हॉस्पिटल के लिए लगभग सात एकड़ भूमि चिह्नित की गई है, जो बरेका के ईस्ट टाउनशिप में स्थित है।
इस भूमि पर वर्तमान में कर्मचारियों के 120 क्वार्टर बने हुए हैं, जिनमें टाइप-1 के 96 और टाइप-2 के 24 आवास शामिल हैं। इन क्वार्टरों को ध्वस्त कर हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा। भूमि को रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) को सौंपने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है।
बरेका के प्रमुख मुख्य अभियंता कार्यालय की ओर से रेलवे बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (लैंड एंड अमेनिटीज) को भेजे गए प्रस्ताव में भूमि का नक्शा, ड्राइंग और महाप्रबंधक की स्वीकृति भी संलग्न है। यह प्रस्ताव 6 जनवरी 2026 को रेलवे बोर्ड को भेजा गया था। बरेका महाप्रबंधक की स्वीकृति मिलने के बाद इसे आगे की कार्यवाही के लिए संदर्भित किया गया है।
पीआरओ बरेका राजेश कुमार ने बताया कि प्रभावित होने वाले सभी कर्मचारियों को सूचित किया जा रहा है। उन्हें नियमानुसार बरेका क्षेत्र में ही उपलब्ध खाली आवासों में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए रिक्त क्वार्टरों की सूची भी तैयार कर ली गई है।
यह परियोजना बरेका कर्मचारियों और आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे रेलवे परिवार को सुपर स्पेशियलिटी इलाज की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।