देव दीपावली पर सारनाथ में सजेगा भव्य लाइट एंड साउंड शो, जानिए इस बार क्या होगा खास
वाराणसी। बौद्ध धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल सारनाथ में भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित लाइट एंड साउंड शो एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। पर्यटन विभाग ने इसे 24 नवंबर, देव दीपावली के अवसर पर शुरू करने की तैयारी की है। शो को पहले से अधिक आकर्षक बनाने के लिए पुराने और खराब हो चुके उपकरणों को बदला जा रहा है। नई तकनीक के इस्तेमाल से तस्वीर पहले से अधिक साफ दिखाई देगी और आवाज भी बेहतर तरीके से सुनाई देगी।
सारनाथ पुरातत्व खंडहर परिसर में चल रहे निर्माण और सुधार कार्य का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा पूरा हो चुका है। अब मुख्य रूप से लाइट एंड साउंड से जुड़े उपकरणों की स्थापना का काम बाकी है। पर्यटन विभाग ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
परियोजना के लिए पर्यटन विभाग की ओर से भेजे गए 9.62 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को शासन पहले ही मंजूरी दे चुका है। पर्यटन मंत्रालय की प्रसाद योजना के तहत इस पूरे प्रोजेक्ट को नया स्वरूप दिया जा रहा है।
छह साल पुराने लेंस बदले जाएंगे
धमेख स्तूप के उत्तर दिशा में भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था लगभग छह वर्ष पहले की गई थी। उस समय इस परियोजना पर करीब 7.88 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।
समय के साथ इसके कई उपकरण और लेंस खराब हो गए थे। अब पुराने लेंस को हटाकर नए लेंस लगाए जा रहे हैं। इससे दर्शकों को एचडी क्वालिटी में बेहतर तस्वीर देखने को मिलेगी और साउंड सिस्टम में सुधार के बाद आवाज भी अधिक स्पष्ट होगी।
अब 120 पर्यटक एक साथ देख सकेंगे शो
पहले लाइट एंड साउंड शो देखने के लिए करीब 60 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। सारनाथ आने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब सीटों की संख्या बढ़ाकर 120 की जा रही है।
पर्यटकों के लिए अधिक आरामदायक कुर्सियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा आसपास बेंच भी लगेंगी, जहां पर्यटकों के साथ आने वाले गाइड और अन्य लोग बैठ सकेंगे।
25 मिनट हिंदी और 25 मिनट अंग्रेजी में चलेगा शो
सूर्यास्त के बाद भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित शो का संचालन किया जाएगा। इसमें करीब 25 मिनट हिंदी और 25 मिनट अंग्रेजी में भगवान बुद्ध के जीवन, उनकी शिक्षाओं और सारनाथ के महत्व की कहानी दिखाई और सुनाई जाएगी।
भारतीय पर्यटकों के लिए सोमवार से शुक्रवार तक टिकट शुल्क 100 रुपये, जबकि शनिवार, रविवार और अवकाश के दिनों में 150 रुपये निर्धारित है। विदेशी पर्यटकों के लिए सोमवार से शुक्रवार तक शुल्क 150 रुपये और शनिवार, रविवार व अवकाश के दिनों में 200 रुपये है।
अमिताभ बच्चन की आवाज पर अभी फैसला नहीं
पुराने लाइट एंड साउंड शो में महानायक अमिताभ बच्चन की रिकॉर्ड की गई आवाज में भगवान बुद्ध की गाथा सुनाई जाती थी। कार्यक्रम की शुरुआत वाराणसी के संक्षिप्त परिचय से होती थी। इसके बाद गौतम बुद्ध के जीवन और अंत में सारनाथ के ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व का वर्णन किया जाता था।
नए शो में आवाज किसकी होगी, इसे लेकर पर्यटन विभाग ने अभी अंतिम फैसला नहीं किया है। बताया जा रहा है कि विभाग कई नामचीन हस्तियों के संपर्क में है और इनमें अमिताभ बच्चन का नाम भी शामिल है।
पर्यटन विभाग की कोशिश है कि देव दीपावली पर सारनाथ पहुंचने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को नए स्वरूप में लाइट एंड साउंड शो देखने का अनुभव मिल सके।