गांवों के विकास का बनेगा नया रोडमैप, रुद्राक्ष में जुटेंगे 500 ग्राम प्रधान
वाराणसी। देश की ग्राम पंचायतों को अधिक मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 16 जुलाई 2026 को वाराणसी के रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में पंच सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड के करीब 500 ग्राम पंचायत प्रधान एक मंच पर जुटेंगे और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को अधिक सशक्त, परिणामोन्मुख और प्रभावी बनाना है। साथ ही VB-GRAM G Act, 2025 के प्रावधानों और उद्देश्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों की समझ को और मजबूत किया जाएगा, ताकि पंचायत स्तर पर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश से 350, बिहार से 75, झारखंड से 50 और उत्तराखंड से 25 ग्राम प्रधान भाग लेंगे।
सम्मेलन के दौरान ग्राम पंचायतों की संस्थागत क्षमता बढ़ाने, विकसित ग्राम पंचायत योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने, पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा, जमीनी स्तर पर सुशासन को मजबूत करने और ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
आयोजकों का मानना है कि यह सम्मेलन पंचायत प्रतिनिधियों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान का एक प्रभावी मंच साबित होगा, जिससे ग्रामीण विकास की योजनाओं को नई दिशा और गति मिलेगी।