रक्त का कतरा-कतरा समर्पित...वाराणसी में युवाओं ने भीमराव अंबेडकर को दिया अनोखी श्रद्धांजलि, खून से पेंटिंग
Varanasi : अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को वाराणसी के लच्छीपुरा, नदेसर क्षेत्र में युवाओं द्वारा एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान युवाओं ने अपने रक्त से डॉ. भीमराव अंबेडकर की पेंटिंग बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राहुल राज एडवोकेट ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देशवासियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि युवा वर्ग बाबा साहब की विचारधारा और उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए हर प्रकार का बलिदान देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि “हम अपने रक्त का कतरा-कतरा बाबा साहब के आदर्शों और संविधान की रक्षा के लिए समर्पित करने को तैयार हैं।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने बताया कि जब तक पेंटिंग पूरी नहीं हो जाती, तब तक सभी प्रतिभागी क्रमशः रक्तदान करते रहेंगे। आयोजकों का कहना है कि यह पहल सामाजिक समानता, न्याय और एकता के संदेश को मजबूत करने का प्रयास है।
इस मौके पर विकास चौहान, प्रमोद मौर्य, हर सोनकर, राम लखन साहनी, पंकज कनौजिया, मुकेश गिरी, विकास यादव, कुंदन कुमार, अखिलेश कनौजिया, हर्ष पटेल, करण गुप्ता और विशाल शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में युवाओं ने बाबा साहब के सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लिया, जहां सभी वर्गों के लोगों को समान अधिकार और सम्मान मिले।