{"vars":{"id": "130921:5012"}}

तेज रफ्तार कार में अचानक लगी आग, सारनाथ फ्लाइओवर पर अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे युवक

वाराणसी के सारनाथ फ्लाइओवर पर शनिवार रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई। कार सवार बाल-बाल बच गए। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

 

वाराणसी: सारनाथ फ्लाइओवर पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार धू-धूकर जलने लगी। घटना के दौरान कार सवार दो युवक किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। 

चौबेपुर थाना क्षेत्र के बराई निवासी अभिलाष सिंह अपने एक दोस्त के साथ शनिवार रात खरीदारी कर सारनाथ से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार फ्लाइओवर पर पहुंची और स्पीड बढ़ी, तभी कार के बोनट से धुआं निकलने लगा।

चिंगारी के बाद अचानक भड़की आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सारनाथ से संदहा चौराहे के बीच अचानक कार के बोनट से चिंगारी निकली और कुछ ही सेकेंड में आग पूरी कार में फैल गई। आग लगते ही कार सवार घबराकर बाहर निकले और पीछे की ओर भागने लगे।

चलती कार में आग लगने की घटना से फ्लाइओवर पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर गुजर रहे लोगों ने अपने वाहन रोक दिए। कई लोग डीजल टंकी फटने के डर से दूर हट गए।

आग की लपटों से दहशत, दोनों तरफ लगा जाम

फ्लाइओवर पर आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आसपास मौजूद लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए, जबकि कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम

घटना की जानकारी मिलते ही सारनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

हालांकि तब तक स्विफ्ट कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार के अंदर रखी सीटें और अन्य सामान भी आग में जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि कार के इंजन के अत्यधिक गर्म होने या तकनीकी खराबी के चलते आग लगी।