शिवपुर में नुक्कड़ नाटक बना जागरूकता का माध्यम, HIV संक्रमण और जांच को लेकर दी अहम जानकारी
Varanasi : कांशीराम आवास, शिवपुर की बस्ती में प्रिज्मैटिक फाउंडेशन की ओर से HIV/AIDS जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। 22 सितंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य HIV/AIDS से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करना, लोगों को वैज्ञानिक जानकारी देना तथा समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत नैरेटर टैन द्वारा स्थानीय लोगों को एकत्रित करने से हुई। इस दौरान लोगों को प्रिज्मैटिक फाउंडेशन और समुदाय के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की जानकारी दी गई। इसके बाद ट्रांस एवं क्वियर समुदाय के सदस्यों ने स्वयं तैयार किए गए नुक्कड़ नाटक का मंचन किया।
नाटक के जरिए बताया HIV कैसे फैलता है
नाटक की शुरुआत बनी के पात्र से हुई, जिसे HIV के साथ जीवन जीते हुए दिखाया गया। कहानी में बनी के दोस्तों द्वारा उसके साथ छुआछूत और भेदभावपूर्ण व्यवहार का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से HIV के साथ जी रहे लोगों के प्रति समाज में मौजूद गलत धारणाओं, डर और भेदभाव को सामने लाया गया।
इसके बाद डॉक्टर के पात्र के माध्यम से HIV से संबंधित वैज्ञानिक और सही जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि HIV संक्रमित व्यक्ति को छूने, उसके साथ बैठने या सामान्य सामाजिक संपर्क रखने से HIV नहीं फैलता। नाटक के माध्यम से संक्रमण के प्रमुख कारणों, बचाव के उपायों और समय पर HIV जांच कराने के महत्व की भी जानकारी दी गई।
‘भेदभाव नहीं, सम्मान और सहयोग जरूरी’
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने संदेश दिया कि HIV के साथ जी रहे लोगों के साथ भेदभाव करने के बजाय उन्हें सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए। लोगों से HIV/AIDS से जुड़ी अफवाहों और भ्रांतियों पर विश्वास न करने तथा सही एवं वैज्ञानिक जानकारी अपनाने की अपील की गई।
ट्रांस एवं क्वियर समुदाय ने खुद तैयार किया नाटक
इस नुक्कड़ नाटक को ट्रांस एवं क्वियर समुदाय के सदस्यों ने स्वयं तैयार और प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में टैन, आर्या, अनामिका, बनी, चंद्र मल्लिका और रुमान सहित छह कलाकारों ने अपनी भूमिकाएं निभाईं।
कार्यक्रम को सक्रिय बनाने में सुमन, नैंसी, कैलाश और कृष्णा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नुक्कड़ नाटक को करीब 100 लोगों के बीच प्रस्तुत किया गया, जहां लोगों ने HIV/AIDS से संबंधित जानकारी और जागरूकता संदेश को सुना।